जंगल में मिले दो नर कंकाल, पेड़ पर बंधे थे दो लाल कपड़े

नई दिल्‍ली । मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के डोंगरा गांव के जंगलों में दो नर कंकाल मिले हैं। सहराई थाना क्षेत्र में पेड़ के नीचे जमीन पर दो कंकाल पड़े थे। पेड़ से दो लाल कपड़े भी बंधे हुए थे। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस देर रात मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार कपड़ों के आधार पर दोनों की पहचान बिजौरी गांव निवासी शिवलाल पिता भुल्ला आदिवासी (40) और रामचरण पिता फग्गा आदिवासी के रूप में की गई। 4 अगस्त को बहादुरपुर थाने में दोनों की गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी।

18 जून को अचानक लापता हो गए थे दोनों
बताया जा रहा है कि दोनों बहादुरपुर थाना क्षेत्र के गदूली गांव में मजदूरी का काम करते थे। वे 18 जून को दोनों अचानक लापता हो गए थे। जिस व्यक्ति के यहां काम करते थे, उसने उनके परिवार को उनके वहां से चले जाने की सूचना दी थी। परिवार के लोग इधर-उधर पता करते रहे लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। वहीं, इस घटना की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, बवाल मच गया। गांव के 100 से ज्यादा लोग जंगलों में तलाश करने निकले। वे उस स्थान पर पहुंचे जहां शव पड़े हुए थे। इसके बाद ग्रामीण मुंगावली थाने गए और घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शिवपुरी या ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज में होगा पोस्टमार्टम
फिलहाल घटनास्थल को क्राइम सीन लगाकर बंद कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन ने बताया कि ग्वालियर की एफएसएल की टीम और डॉग स्कॉट की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की है। इनका पोस्टमार्टम शिवपुरी या ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!