
कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुर्मी के मार्गदर्शन में अवैध शराब 8.20 लाख रूपये कीमत की अवैध शराब पकड़ी गई।
आबकारी टीम ने भितरवार, मोहना, बहोडापुर एवं टीपी नगर क्षेत्र में दबिश दी। भितरवार क्षेत्र के साकनी, गोहिंदा और गोलपुरा गांवों में नीले रंग के प्लास्टिक एवं लोहे के 18 ड्रम तथा 3 प्लास्टिक टंकियों में लगभग 5100 किलो गुड़ लहान बरामद किया गया। साथ ही स्टील एवं लोहे की भट्टियां भी मौके से जब्त की गईं। टीम ने गुड़ लहान के सैंपल लेने के बाद शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इसी तरह मोहना क्षेत्र में प्लास्टिक टंकियों एवं ड्रमों में लगभग 3000 किलो गुड़ लहान तथा 10 लीटर हाथ भट्टी से बनी अवैध शराब बरामद की गई। यहां भी सैंपल लेकर शेष गुड़ लहान को नष्ट किया गया। वहीं बहोडापुर और टीपी नगर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री एवं मदिरापान कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 8 प्रकरण एवं धारा 36(A) के तहत एक प्रकरण दर्ज कर कुल 9 मामले पंजीबद्ध किए हैं। बरामद एवं नष्ट किए गए गुड़ लहान, अवैध मदिरा तथा भट्टियों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
कार्रवाई में ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी संतोष यादव, आबकारी उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह मीणा, शिवा रघुवंशी सहित आबकारी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
