
अलीगढ़, ‘तेरी उल्टी गिनती चालू, दो दिन में मरवा देंगे।’ पाकिस्तान के नंबर से वाट्सएप पर आई कॉल (Whatsapp Call) ने मां बगलामुखी मंदिर की महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती के होश उड़ा दिए हैं। वह घबरा गईं। फौरन कॉल कट कर दी। उसके बाद दोबारा कॉल नहीं आई। डरीं महामंडलेश्वर ने गांधी पार्क थाने में लिखित शिकायत भेज दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूर्व में भी उन्हें सोशल मीडिया और कॉल के माध्यम से धमकी मिल चुकी है, जिसकी भी एफआईआर गांधी पार्क थाने में पंजीकृत की गई थीं।
- महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा हिंदू महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। पूर्व में उन्होंने कुछ कार्यक्रमों में ऑपरेशन सिंदूर पर अपने व्याख्यान दिए थे। शिकायत में उन्होंने बताया कि शाम 6:05 बजे 923035597881 नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई।
- कॉल रिसीव होते ही कालर ने धमकी दी कि अब तेरी उल्टी गिनती शुरू, दो दिन में मरवा देंगे। यह सुनकर वह घबरा गईं और फौरन कॉल कट कर दी। इसकी जानकारी उन्होंने मंदिर में अन्य लोगों को दी।
- उसके बाद गांधी पार्क थाना पुलिस को सूचित किया। व्हाट्सएप के माध्यम से उन्हें तहरीर भी भेजी है। महासभा के प्रवक्ता अशोक पांडेय ने बताया कि महामंडलेश्वर को पांच वर्ष में कई बार धमकियां मिल चुकी हैं।
- मैनपुरी के एक मौलाना ने फेसबुक के माध्यम से धमकी दी थी। इसके अलावा दो धमकी देने वाले कॉलर के खिलाफ भी थाने में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। एसएचओ शिव प्रसाद ने बताया कि जांच की जा रही है।
