हैंडशेक विवाद पर भड़के गौतम गंभीर

desk. भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में हुए चौथे टेस्ट का समापन हो गया है। भारत ने पांचवें दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच ड्रॉ करा दिया। मैच के अंतिम सेशन में इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने बल्लेबाजी कर रहे रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर को हाथ मिलाकर टेस्ट ड्रॉ करने का न्योता दिया। हालांकि, जडेजा और सुंदर ने इंकार कर दिया। उनके बीच हुई यह बातचीत सोशल मीडिया पर काफी विवादों में रही। खैर, जडेजा-सुंदर ने बल्लेबाजी जारी रखी और शतक जड़ा। अब गौतम गंभीर ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

बेन स्टोक्स और इंग्लैंड पर भड़के गौतम गंभीर

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौतम गंभीर से हैंडशेक के न्योते को अस्वीकार करने के विषय पर सवाल किया गया। गंभीर इंग्लैंड पर भड़के और सवाल किया कि कोई इंग्लिश बल्लेबाज शतक के करीब होता, तो वो भी ड्रॉ नहीं करते। उन्हें बेन स्टोक्स का यह बर्ताव पसंद नहीं आया। गंभीर ने इंग्लैंड की आलोचना की और कहा, ‘अगर कोई 90 और 85 पर बल्लेबाजी कर रहा है, तो क्या वो शतक का हकदार नहीं है? क्या वो चले जाते? अगर इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज 90 या 85 पर बल्लेबाजी कर रहा होता या किसी के पास अपना पहला टेस्ट शतक लगाने का मौका होता, तो क्या आप उन्हें यह नहीं करने देंगे? अगर उन्हें ऐसे ही खेलना है, तो मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। दोनों ही शतक के हकदार थे और उन्हें वो मिल गया।’

वॉशिंगटन सुंदर ने 12 टेस्ट मैच खेले हैं और बल्ले से उनका योगदान अच्छा रहा है। हालांकि, चौथे टेस्ट से पहले शतक नहीं लगाया था और आखिर इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में उनके करियर का पहला 100 आया। उन्होंने 206 गेंदों का सामना करके 101 रन बनाए। इसके अलावा उनके साथी रविंद्र जडेजा ने भी कमाल का प्रदर्शन किया और 185 गेंदों में 107 रन जड़ दिए। उनके शतक के बाद मैच ड्रॉ कर दिया गया। भारत जिस स्थिति में थी, वहां से मैच ड्रॉ कराने की उम्मीद बेहद कम थी लेकिन सुंदर, जडेजा, केएल राहुल और शुभमन गिल ने टीम को हार मिलने से रोका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!