
new delhi. एम्स में एमबीबीएस की सीट दिलाने का झांसा देकर नोएडा के एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित को न केवल फर्जी दावों से भ्रमित किया गया, बल्कि प्रधानमंत्री व गृह मंत्री से करीबी होने की बात कहकर प्रभाव भी जमाया गया। अब मामला थाना फेज-3 में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज हुआ है।
सेक्टर-66 के मामूरा गांव निवासी प्रदीप कुमार उपाध्याय ने बताया कि मई 2024 में वह सलारपुरकलां निवासी सतीश चंद्र शर्मा के संपर्क में आए थे। सतीश ने दावा किया कि वह उनके बेटे को एम्स दिल्ली में एमबीबीएस की सीट दिला सकता है, क्योंकि उसके परिचित डॉ. राजकुमार शर्मा का प्रधानमंत्री व केंद्रीय गृह मंत्री से नजदीकी संबंध है।
प्रदीप ने पुलिस को बताया कि विश्वास दिलाने के लिए सतीश अपने बेटे रितिक के साथ उन्हें हरिद्वार ले गया, जहां एक लाल बत्ती लगी गाड़ी में बिठाकर राजकुमार से मिलवाया गया। राजकुमार ने खुद को शीर्ष नेताओं का करीबी बताया और सीट दिलाने का सौदा 20 लाख रुपये में तय हुआ। प्रारंभिक रूप से दो बार में कुल 10 लाख रुपये वसूले गए। शेष राशि दाखिला होने पर देने की बात कही गई। परीक्षा में प्रदीप का बेटा फेल हो गया। जब उन्होंने आरोपितों से संपर्क किया तो बार-बार बहाने बनाए गए। बाद में जब प्रदीप ने पैसे वापस मांगे, तो हत्या कर शव नहर में फेंकने की धमकी दी गई। पीड़ित ने अदालत की शरण ली। कोट्र के आदेश पर थाना फेज-3 पुलिस ने सतीश, रितिक और डॉ. राजकुमार शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
