

ग्वालियर। ग्वालियर विकास प्राधिकरण जीडीए लोगों को सपने दिखाने में महारथ हासिल है। जीडीए ने आनंद नगर आवासीय याेजना के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन इन पर अमल नहीं हो पा रहा है। जीडीए ने आनंद नगर में रहवासियों की सुविधा के लिए आनंद नगर में ए ब्लॉक और बी ब्लॉक में तीन हजार स्क्वॉयर फीट के प्लॉट का आवंटन किया। इन प्लॉट को सस्ती दर पर इसलिए दिया गया ताकि यहां मिल्क पार्लर संचालित हो और लोगों को दूध सहित अन्य प्रोडक्ट मिल सके। दोनों प्लॉट जिन लोगों को आवंटित किए गए उन्होंने भी जीडीए को भरोसा दिलाया कि वह लोगों की मदद के लिए यहां मिल्क पार्लर खोलेंगे, लेकिन जीडीए के जमीनी स्टाॅफ ने निरीक्षण बंद कर दिया। जिसके चलते दोनों ही प्लॉट पर अवैध निर्माण हो गया। जिसकी बकायदा लिखित शिकायत आनंद नगर निवासियों ने जीडीए कार्यालय में की, लेकिन इसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इस संबंध में लोगों ने पार्षद पीपी शर्मा को भी जीडीए के प्लान के बारे में भी बताया, लेकिन उन्होंने भी इसे गंभीरता से लिया।
लोगों में आक्रोश, बोले-प्लॉट का अावंटन रद्द हो, धोखा देने वालों पर सख्त कार्रवाई
जीडीए के लचर रवैए को देखते हुए अब आनंद नगर के लोगों ने जीडीए सीईओ नरोत्तम भार्गव ने मुलाकात कर इस पूरे प्रकरण की शिकायत की। लोगों का कहना है कि जिन लोगों ने मिल्क पार्लर के प्लॉट का जीडीए से आवंटन कराया, लेकिन मिल्क पार्लर की जगह अवैध रूप से गोदाम और किराए पर भवन चला रहे हैं इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इनके प्लॉट का अावंटन रद्द कर दूसरी संस्था को दिए जाएं। साथ ही जुर्माना भी वसूला जाए। उल्लेखनीय है कि जीडीए ने मिल्स पार्लर के लिए एक प्लॉट हैल्थ क्लब के पास आनंद नगर ए ब्लॉक में हैं, जबकि दूसरा प्लॉट बी-ब्लॉक में वीनस पब्लिक स्कूल के बगल में है।
