महिला प्रोफेसर का रक्त से सना हुआ शव घर से बरामद

जबलपुर । होमसाइंस कॉलेज की एक महिला प्रोफेसर का रक्तरंजित शव उनके घर से बरामद हुआ। प्रोफेसर के हाथ और गले पर चाकू से कटने के निशान मिले हैं। जांच में पुलिस को शव के पास एक चाकू मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है। यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का, इसकी पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। गढ़ा थाना क्षेत्र के अंबर विहार निवासी प्रज्ञा अग्रवाल (55) होमसाइंस कॉलेज में प्रोफेसर थीं। वह अविवाहित थीं और माता-पिता की मृत्यु के बाद से अकेली रह रही थीं। उनके भाई भोपाल में पदस्थ हैं और वहीं रहते हैं। घर पर घरेलू कार्य के लिए एक महिला कर्मी आती थी, जिसके पास घर की चाबी थी। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी पहुंची। जब दरवाजा नहीं खुला, तो ताला तोड़कर अंदर गई। देखा कि प्रोफेसर जमीन पर पड़ी थीं और फर्श पर खून फैला हुआ था। यह देख वह चीख पड़ी और आसपास के लोगों को बुलाया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची गढ़ा पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की। वहां से फिंगरप्रिंट लिए गए हैं।

प्रोफेसर प्रज्ञा वनस्पति विज्ञान की विशेषज्ञ थीं। वह पहले माता गुजरी कॉलेज में व्याख्याता थीं। इसके बाद पीएससी से चयनित होकर उच्च शिक्षा विभाग में प्रोफेसर बनीं। उनकी पदस्थापना शासकीय कॉलेज कटनी में थी। री-डिप्लॉयमेंट के तहत उन्हें जबलपुर के होमसाइंस कॉलेज भेजा गया था, जहां वह वर्तमान में वनस्पति विज्ञान पढ़ा रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!