
धनबाद। ट्रेन में सफर तो अमूमन सभी करते हैं। भारतीय रेलवे दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है, जिसमें हर रोज तकरीबन 2-3 करोड़ लोग सफर करते हैं। ट्रेन का सफर जितना मजेदार होता है, उतना ही सुविधाजनक भी। ट्रेन में यात्रा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, रेलमदद और 139 जैसे हेल्पलाइन नंबर मौजूद हैं। अब इस सुविधा को और आसान बनाने की तैयारी की गई है। ट्रेन में सफर करने वाले यात्री अब वॉट्सऐप से भी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। रेलवे ने यात्रियों के लिए रेलमदद WhatsApp Chatbot सुविधा शुरू की है। 7982139139 नंबर के माध्यम से यात्री WhatsApp पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आरक्षित श्रेणी के यात्रियों के साथ जनरल टिकट पर यात्रा करने वाले यात्री भी वॉट्सऐप पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
धनबाद मंडल ने सोशल मीडिया पर जारी की सूचना
धनबाद रेल मंडल की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे जुड़ी सूचना जारी की गई है। सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने अपने एक्स हैंडल पर WhatsApp Chatbot नंबर भी एक्स (X) पर शेयर किया है। बताया गया है कि सभी यात्रियों को सूचित किया जता है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आप रेल मदद वॉट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
