तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला पर बाघ का हमला, मौत

 उमरिया। जिले के पनपथा टाइगर रिजर्व अंतर्गत ग्राम कुदरी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई एक महिला को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।ग्राम कुदरी निवासी ममता यादव पति पप्पू यादव उम्र लगभग 30 वर्ष शनिवार सुबह अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान जंगल के भीतर अचानक एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद साथ गए ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण किसी तरह जान बचाकर गांव पहुंचे और घटना की सूचना वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन को दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया। अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है जंगलों में लगातार बाघों की गतिविधियां बढ़ीं

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पनपथा टाइगर रिजर्व एवं आसपास के जंगलों में लगातार बाघों की गतिविधियां बढ़ रही हैं।कई बार ग्रामीणों ने वन विभाग को जंगल किनारे बाघों की मौजूदगी की जानकारी भी दी थी, लेकिन लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए गए।

मानव और वन्यजीव संघर्ष का खतरा

तेंदूपत्ता सीजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण रोजाना जंगलों में जाते हैं, जिससे मानव और वन्यजीव संघर्ष का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग

घटना के बाद कुदरी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने मृतक महिला के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो

लोगों का कहना है कि वन विभाग को जंगल जाने वाले ग्रामीणों के लिए विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

बाघ की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है

फिलहाल वन विभाग द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर बाघ की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा मृतक महिला के परिजनों को नियमानुसार सहायता दिए जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!